पटना/ बिहार: बिहार में बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 22 नवंबर 2026 से पल्स पोलियो अनुराष्ट्रीय टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा। राज्य के 31 जिलों में चलने वाले इस अभियान के तहत लगभग 1.56 करोड़ बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए भारत सरकार द्वारा पोलियो की 1.98 करोड़ खुराक उपलब्ध कराई गई हैं। अभियान में कुल 64 हजार पोलियोकर्मी लगाए जाएंगे।

अभियान की तैयारियों को लेकर राज्य स्वास्थ्य समिति में कार्यपालक निदेशक नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने अभियान के सफल संचालन, शत-प्रतिशत बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाने तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से दूरदराज की बसावटों, ईंट भट्ठों, प्रवासी एवं भ्रमणशील आबादी के बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने और अभियान की नियमित निगरानी करने पर जोर दिया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं राज्य स्वास्थ्य समिति के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
यह अभियान बांका, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, रोहतास, शेखपुरा और शिवहर को छोड़कर राज्य के शेष 31 जिलों में संचालित होगा। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की सफलता और शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित करने के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर तैयारियों की समीक्षा, टीकाकर्मियों के प्रशिक्षण, पर्याप्त वैक्सीन की उपलब्धता तथा नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया है।
अभियान शुरू होने से कम से कम दस दिन पहले जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। बैठक के माध्यम से संबंधित विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। प्रखंड टास्क फोर्स की बैठकों में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी की सहभागिता सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
अभियान से जुड़े सभी टीकाकर्मियों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण पूरा कराने तथा सूक्ष्म कार्ययोजना का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है। पिछले अभियान के बाद जन्मे शिशुओं को कार्ययोजना में शामिल कर उन्हें पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित किया जाएगा। अंतिम समय में कर्मियों की अनुपलब्धता से कार्य प्रभावित नहीं हो, इसके लिए कम से कम दस प्रतिशत अतिरिक्त मानवबल को प्रशिक्षित करने पर भी जोर दिया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि दूरदराज के क्षेत्रों, बासा, ईंट भट्ठों तथा प्रवासी एवं भ्रमणशील आबादी सहित किसी भी क्षेत्र का बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए टीमें और पर्यवेक्षक सभी बसावटों की पहचान कर उनका पूर्ण आच्छादन सुनिश्चित करेंगे। आवागमन स्थलों पर तैनात ट्रांजिट टीमों में प्रशिक्षित कर्मियों की उपलब्धता और कार्य की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
प्रत्येक टीकाकर्मी दल के पास पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध रखने तथा उसका भंडारण एवं परिवहन निर्धारित मानक तापमान पर करने का निर्देश दिया गया है। वैक्सीन की उपलब्धता और उपयोग की दैनिक निगरानी की जाएगी, ताकि वितरण में देरी तथा खुराक के अपव्यय को रोका जा सके। खुराक प्राप्त कर चुके बच्चों की पहचान के लिए अमिट स्याही वाले मार्कर की उपलब्धता और उचित उपयोग भी सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी एवं प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी प्रतिदिन के आच्छादन की तुलना पिछले अभियान से करेंगे। जहां कमी मिलेगी, वहां समीक्षा कर सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। खुराक पिलाने से इनकार करने वाले घरों तथा बीमारी के कारण छूटे बच्चों तक पहुंचने के लिए क्षेत्रवार चिकित्सा पदाधिकारियों की तैनाती की योजना बनाई जाएगी। ऐसे मामलों की समीक्षा जिला एवं प्रखंड स्तर की सायंकालीन बैठकों में भी की जाएगी।
जून 2026 के अभियान में सामने आई कमियों को ध्यान में रखते हुए नवजात शिशुओं की पहचान, छूटी हुई बसावटों तक पहुंच, ट्रांजिट स्थलों पर बच्चों के आच्छादन और समय पर वैक्सीन वितरण की व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। अभियान से संबंधित टीकाकर्मियों एवं पदाधिकारियों का अवकाश विशेष परिस्थितियों को छोड़कर स्वीकृत नहीं किया जाएगा। विशेष परिस्थिति में अवकाश की स्वीकृति सिविल सर्जन द्वारा दी जाएगी।
अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा सहयोगी संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सभी अभिभावकों से अपील है कि अभियान के दौरान अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और टीकाकर्मी दलों को सहयोग दें, ताकि कोई भी लक्षित बच्चा छूटने न पाए।